IND vs ENG 1st ODI Result: भारत और इंग्लैंड के बीच नागपुर में तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। इस मैच में भारत ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया। इंग्लैंड ने नागपुर के VCA स्टेडियम में टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। और 47.5 ओवर में 248 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत ने जबाव में 38.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 251 रन बनाए और जीत अपने नाम की। दूसरा वनडे 9 फरवरी को कटक के बाराबाती स्टेडियम में खेला जाएगा।

IND vs ENG 1st ODI Result: भारतीय टीम की धीमी शुरुआत
भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टीम की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, जब यशस्वी जायसवाल (15) और रोहित शर्मा (02) 19 रन के स्कोर पर आउट हो गए।

गिल और अय्यर की शानदार साझेदारी
इसके बाद शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 94 रनों की शानदार साझेदारी की। श्रेयस अय्यर ने इस दौरान अपने वनडे करियर का 19वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 30 गेंदों में 59 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे। यह अय्यर का इस प्रारूप में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक था। इससे पहले उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 28 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।

वहीं गिल ने 60 गेंदों में 87 रनों की पारी खेली और अपने वनडे करियर का 14वां अर्धशतक पूरा किया। उनके इस पारी में 7 चौके शामिल थे। हालांकि, बाद में हार्दिक पांड्या (9*) और रवींद्र जडेजा (12*) ने टीम को जीत दिलाई।
अय्यर के आउट होने के बाद अक्षर पटेल का योगदान
अय्यर के आउट होने के बाद, शुभमन गिल और अक्षर पटेल ने चौथे विकेट के लिए शानदार साझेदारी की। दोनों के बीच 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई। अक्षर पटेल 47 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके वनडे करियर का तीसरा अर्धशतक था। आदिल रशीद ने उन्हें बोल्ड किया।

इंग्लैंड की ओर से साकिब महमूद और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर और जैकब बेथेल को एक-एक सफलता मिली।
