भारत और बांग्लादेश के बीच कानपुर के ग्रीन पार्क में चल रहे दूसरे टेस्ट के दौरान एक बड़ा ही दिलचस्प वाकया देखने को मिला था. मैच के दौरान बांग्लादेश के सुपर फैन रबी-उल-इस्लाम उर्फ टाइगर रॉबी के साथ मारपीट की खबर सामने आई थी. हालांकि फिर जांच में पता चला था कि रॉबी के साथ मारपीट नहीं हुई थी, बल्कि उसकी तबीयत बिगड़ गई थी. अब रॉबी ने भारत के खिलाफ जहर उगलने वाला बयान दिया है.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बांग्लादेशी फैन टाइगर रॉबी भारत के खिलाफ बुरा-भला बोलता हुआ दिख रहा है. रॉबी ने कहा कि भारत हमारा दुश्मन है. कानपुर में जब रॉबी के साथ मारपीट का मामला आगे बढ़ा तो पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की, जिसमें पता चला कि टाइगर रॉबी मेडिकल वीजा पर भारत आया था. हालांकि अब बांग्लादेशी फैन को वापस बांग्लादेश भेज दिया गया है.
वीडियो में टाइगर रॉबी ने कहा, “भारत कभी भी बांग्लादेश का दोस्त नहीं हो सकता. भारत हमारा दुश्मन है. वो बांग्लादेश की तरक्की नहीं चाहते हैं. अफगानिस्तान को सपोर्ट करो लेकिन भारत को नहीं. मुझे उनसे कोई मदद नहीं मिली. भारत के सुधीर बाबू हमेशा मेरे परिवार को गाली देते हैं. भारत बहुत खराब है. बांग्लादेशी लोग हमेशा मेरे साथ हैं.” गौर करने वाली बात यह है कि टाइगर ने यह बयान बांग्ला भाषा में दिया और हमारी तरफ से वायरल वीडियो के कैप्शन में हिसाब से बयान लिखा गया है.
