Ind Vs Aus: 26 दिसंबर को जब हिंदुस्तान नींद में था, मेलबर्न में धूप खिली थी और पारा 40 डिग्री के पार था। बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। 19 साल के ओपनर सैम कॉन्स्टस अपने डेब्यू पर कमाल दिखा रहे थे, लेकिन तभी विराट कोहली और कॉन्स्टस के बीच एक विवाद खड़ा हो गया।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के 10वें ओवर के बाद विराट कोहली सामने से चलते हुए कॉन्स्टस से कंधा टकरा देते हैं। इसके बाद दोनों के बीच बहस होती है। ये जानबूझकर था या अनजाने में, इसकी जांच ICC करेगी।
रिकी पॉन्टिंग का बयान
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पॉन्टिंग का मानना है कि गलती कोहली की है। पॉन्टिंग ने चैनल 7 पर कहा, “विराट पूरी पिच पर चल रहे थे, जिससे उनके इरादे साफ थे। मुझे यकीन है कि अंपायर और रेफरी ने इसे देखा होगा। कॉन्स्टस को देर से एहसास हुआ कि कोई सामने आ रहा है।”
Ind Vs Aus: विराट को मिल सकते हैं 3-4 डिमेरिट पॉइंट
ICC नियमों के मुताबिक क्रिकेट में किसी भी तरह की फिजिकल हरकत मना है। ऐसा करने पर खिलाड़ी लेवल 2 के तहत दोषी माना जाता है और 3 से 4 डिमेरिट पॉइंट मिल सकते हैं।
हालांकि, पूर्व टेस्ट अंपायर साइमन टफेल के अनुसार, किसी बड़े एक्शन की संभावना कम है क्योंकि ये पहली बार हुआ है। यानी दोनों खिलाड़ी सस्पेंशन से बच सकते हैं।
