Illegal Gas Refilling: ऋषिकेश में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए पूर्ति विभाग ने बनखण्डी क्षेत्र में वाहन के भीतर अवैध रिफिलिंग करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
View this post on Instagram
वायरल वीडियो पर कार्रवाई
इस मामले में संबंधित गैस एजेंसी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर वाहन स्वामी और चालक के विरुद्ध ऋषिकेश थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बता दे कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें गैस सप्लाई वाहन के अंदर एक कर्मचारी को अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए दिखाया गया। पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की जांच में सामने आया कि वाहन ऋषिकेश स्थित मैसर्स अंकुर गैस एजेंसी प्रगति विहार का है। एजेंसी का निरीक्षण करने पर कई अनियमितताएं पाई गई।
Illegal Gas Refilling: एजेंसी की मिलीभगत
एजेंसी के पास वाहन चालक योगेन्द्र कुमार और उसके सहयोगी आशीष से संबंधित कोई भी आधिकारिक नियुक्ति पत्र या दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। केवल चालक का आधार कार्ड था। एजेंसी प्रबंधन ने दावा किया कि उन्होंने दोनों को काम से हटा दिया गया है, लेकिन रिकॉर्ड से पता चला कि घटना के बाद भी उन्हें डिलीवरी के लिए सिलेंडर उपलब्ध कराए गए थे। इस लापरवाही के कारण एजेंसी की मिलीभगत की आशंका जताई।

रिफिलिंग और कालाबाजारी
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि मामले में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया। उन्होंने कहा कि अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आगे में भी इस तरह के औचक निरीक्षण और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
संजय शर्मा की रिपोर्ट
