IITian Baba Wedding: उत्तर प्रदेश में महाकुंभ के दौरान मशहूर हुए IITian बाबा अभय सिंह ग्रेवाल ने शादी कर ली है। वह शादी करने के बाद अपनी पत्नी के साथ हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में रुके और सोमवार को हरियाणा के झज्जर में अपने पिता से मुलाकात करने पहुंचे। IITian बाबा अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर लड़की से शादी की है।

IITian बाबा की शादी
जानकारी के मुताबिक, IITian बाबा अभय सिंह ने कर्नाटक की प्रतीका से शादी की। अपने वकील पिता के चैंबर में पहुंचे IITian बाबा अभय सिंह ने बातचीत में कहा कि उन्होंने 15 फरवरी को धर्मशाला के शिव मंदिर अंजनघर में प्रतीका से शादी की थी। इसके बाद 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज की। वह अब धर्मशाला में रह रहे हैं।
IITian Baba Wedding: बेटे-बहू का स्वागत
हरियाणा पहुंचे अभय सिंह और उनकी पत्नी सबसे पहले वह बैंक गए और वहां KYC कराई। इसके बाद वकील पिता से मिलने पहुंचे। वहां से अभय सिंह पत्नी के साथ अपने घर पहुंचे। यहां उनकी मां शीला देवी ने बेटे-बहू का स्वागत किया। उन्होंने दोनों की आरती उतारी और मिठाई खिलाई। इसके बाद गृह प्रवेश कराया।

‘सनातन यूनिवर्सिटी बनाएंगे’
उनकी पत्नी प्रतीका ने कहा- अभय काफी सरल नेचर के हैं। वो ईमानदार और सच्चे इंसान हैं। मैं कर्नाटक से हूं और इनसे 1 साल पहले ही मिली थी। मैंने इंजीनियरिंग कर रखी है। अब हम दोनों सनातन को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। हम सोच रहे हैं कि आगे चलकर सनातन यूनिवर्सिटी बनाएंगे। यहां अध्यात्म से जुड़े गुरु, साधक एक जगह पर यूनाइट करने की कोशिश है। हम झज्जर में सास-ससुर और परिवार वालों से मिलने आए।
