IGI Airport Emergency Landing: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। सभी यात्री सुरक्षित हैं किसी नुकसान की खबर नहीं है। फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी मिलने के बाद मौके परफायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गई।

फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
विशाखापट्टनम से आ रही Indigo फ्लाइट 6E 579 का इंजन फेल हो गया। जिसके बाद उसकी दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी 160 यात्री सुरक्षित हैं। फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट के रनवे 28 पर ‘फुल इमरजेंसी’ लागू की गई थी। SOP के तहत, रनवे के चारों ओर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और एंबुलेंस मौजूद थीं।
फुल इमरजेंसी लागू
फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, सुबह 10.53 बजे इमरजेंसी कॉल आया। टीम को अलर्ट पर रखा गया था हालांकि एयरक्राफ्ट 10:59 पर सुरक्षित रूप से लैंड किया गया था। फिलहाल सभी एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है.
IGI Airport Emergency Landing: डरावनी तस्वीर
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में संसद की स्थायी समिति की रिपोर्ट ने Indian Air Space में उड़ रहे विमानों की सुरक्षा को लेकर एक डरावनी तस्वीर पेश की। रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 से फरवरी 2026 के बीच कुल 754 विमानों का ऑडिट किया था, जिनमें से 377 फ्लाइट्स ऐसी पाई गई जिनमें लगातार तकनीकी खामियां आ रही थीं। संसद की स्थायी समिति की हालिया ऑडिट रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि यह इमरजेंसी लैंडिंग महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक बड़े संकट का हिस्सा हो सकती है।
