HPV Vaccination Uttarakhand: उत्तराखंड के हल्द्वानी में शनिवार को HPV टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हुआ. इस मौके पर उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने अभियान का शुभारम्भ करते हुए इसे मातृशक्ति के सम्मान,सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया.

“सामान्य स्वास्थ्य अभियान नहीं”: CM धामी
अवसर पे मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए CM धामी ने कहा, “यह कोई सामान्य स्वास्थ्य अभियान नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने का मजबूत प्रयास है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अभियान की शुरुआत कर यह स्पष्ट कर दिया है कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा उनके लिए महज नारा नहीं,बल्कि दृढ़ संकल्प है.”
अपने संबोधन को जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि आज के समय में सर्वाइकल कैंसर देश की मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन कर उभर चुका है, और इस बीमारी ने हजारों परिवारों को पीड़ा दी है. ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर टीकाकरण शुरू करना इस अभियान की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण और ठोस कदम है.
HPV Vaccination Uttarakhand: 155 केन्द्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था उपलब्ध
अभियान के पहले चरण में उत्तराखंड में 155 केन्द्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है. गौरतलब है की अभियान को सफ़ल बनाने के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है. अभियान की शुरुआत सात बालिकाओं को टीका लगाकर की गयी. CM धामी की उपस्थिति में तीनपानी निवासी हाईस्कूल की छात्रा खुशबू पंत को सबसे पहले टीका लगाया गया.
मौके पर 40 विकास योजनाओं का किया गया लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान CM धामी ने नैनीताल जिले से जुडी 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया. सभी योजनाओं में से हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल पुनर्गठन योजना प्रमुख रही.
