जानिए कहां तक पहुंची संख्या
देश में एचएमपीवी यानी ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। नागपुर में भी वायरस संक्रमण के दो नए मामले सामने आए हैं। देश में अब तक 7 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं। बेंगलुरु, नागपुर और तमिलनाडु में दो-दो और अहमदाबाद में एक मामला सामने आया है। हालांकि इस बारे में केंद्र सरकार का कहना है कि मामलों में बढ़ोतरी की वजह से कोविड जैसी स्थिति नहीं आएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बयान जारी किया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को एक वीडियो बयान जारी कर कहा, “इस वायरस से किसी को घबराने की जरूरत नहीं है और हम इस पर नजर रख रहे हैं और यह कोई नया वायरस नहीं है, इसकी पहली बार 2001 में पहचान हुई थी। हम इस पर नजर रख रहे हैं और हम सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए तैयार हैं।
नड्डा ने कहा हाल के दिनों में चीन में एचएमपीवी मामलों में वृद्धि की खबरें आई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) भी इस पर गौर कर रहा है और जल्द ही अपनी रिपोर्ट साझा करेगा।

नड्डा ने स्पष्ट किया कि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद और एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में किसी भी सामान्य श्वसन वायरल संक्रमण में कोई उल्लेखनीय वृद्धि नहीं हुई है।
देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से की अपील
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी लोगों से एचएमपीवी वायरस से नहीं घबराने की अपील की। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘यह वायरस नया नहीं है, यह पहले भी सामने आया है और अब एक बार फिर इसका असर दिखने लगा है। इस संबंध में नियमों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को जानकारी देने का फैसला किया है और मीडिया से अपील की है कि वह सिर्फ आधिकारिक सूचना का प्रसार करे।
