Himachal politics: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में घोषणा की कि राज्य सरकार ने चालू वित्त वर्ष में पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं और शहीदों के परिजनों के कल्याण हेतु 17 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता वितरित की है. उनके बयान के अनुसार, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 2,263 लाभार्थियों को 17 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की गई. उन्होंने आगे कहा कि इसके अलावा 968 बुजुर्ग पेंशनधारकों को 6.12 करोड़ रुपये की सहायता देकर उनकी आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है.

वीरता पुरस्कार विजेताओं को दी गयी सम्मान राशि
CM सुक्खू ने बताया कि प्रदेश के 1,084 वीरता पुरस्कार विजेताओं को उनकी अदम्य साहस और राष्ट्र सेवा के सम्मान में 3 करोड़ रुपये की मानधन राशि प्रदान की गई है. बयान जारी रखते हुए उन्होनें घोषणा की कि ड्यूटी के दौरान शहीद या दिव्यांग हुए रक्षा कर्मियों के 57 आश्रितों को 7.62 करोड़ रुपये की सहायता दी गई. वहीं दूसरी ओर, 154 ‘वार जागीर’ लाभार्थियों को 20.83 लाख रुपये वितरित किए गए हैं, जो सरकार की सतत कल्याणकारी पहलों का हिस्सा हैं.
अंत में CM सुक्खू ने कहा, “राज्य के पूर्व सैनिक और उनके परिवार अमूल्य धरोहर हैं. राष्ट्र की रक्षा में उनके अद्वितीय योगदान और सर्वोच्च बलिदान को सदैव कृतज्ञता और गर्व के साथ याद किया जाएगा.”
हिमाचल सरकार ने युवाओं को सेना में करियर बनाने के लिए किया प्रेरित
गौरतलब है कि युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से हिमाचल सरकार ने कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और शिमला जिलों में सेना भर्ती रैलियों के आयोजन हेतु 2.28 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है. मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यह पहल युवाओं में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करेगी और उन्हें सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी.
मेजर सोमनाथ प्रशिक्षण अकादमी का किया जायेगा विस्तार

मुख्यमंत्री सुक्खू ने यह भी बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए मंडी जिले के बर्च्छवाड़ में स्थित मेजर सोमनाथ प्रशिक्षण अकादमी के सुदृढ़ीकरण और विस्तार हेतु 10.26 करोड़ रुपये का प्रावधान दिया गया है. उल्लेखनीय है कि मेजर सोमनाथ शर्मा हिमाचल प्रदेश से परमवीर चक्र प्राप्त करने वाले प्रथम सैनिक थे.
