himachal heavy rain alert in india: भारत में बारिश का कहर: हिमाचल से लेकर बिहार तक आफत की बारिश
himachal heavy rain alert in india: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात आसमान से आफत बरसी। यहां एक नहीं, बल्कि 10 जगहों पर बादल फटने की घटनाएं हुईं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ और लैंडस्लाइड का कहर टूट पड़ा। इस त्रासदी में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 16 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
मंडी बना बर्बादी का मैदान
मंडी के कथुनाग, करसोग, धर्मपुर, बगशयाड़, थुनाग और गोहर जैसे इलाकों में हालात बदतर हैं। 100 से ज्यादा गांवों में पिछले 24 घंटों से बिजली गुल है। सड़कों पर मलबा, टूटी हुई पुलिया और बाढ़ में बहे घर हालात की गंभीरता बयां कर रहे हैं।
ब्यास नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, और मंडी के भनवास में भूस्खलन से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कुकलाह में बाढ़ से एक पुल बह गया, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है।
देशभर में मॉनसून का कहर
केवल हिमाचल ही नहीं, पूरे देश में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है।
🔹 उत्तर प्रदेश:
वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मणिकर्णिका घाट तक पानी पहुंच चुका है और गंगा द्वार का संपर्क टूट गया है। लखीमपुर में शारदा नदी उफान पर है। 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
🔹 मध्य प्रदेश:
यहां बुधवार से भारी बारिश जारी है। भोपाल, उज्जैन समेत 18 जिलों में हैवी रेन अलर्ट है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव रहने की चेतावनी दी है।
🔹 राजस्थान:
भरतपुर सहित 4 जिलों में 2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। भरतपुर शहर में कई जगहों पर 2 फीट तक पानी भर गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
🔹 बिहार:
राज्य के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। पटना, बेगूसराय और भागलपुर जैसे इलाकों में तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मानसून की शुरुआत कमजोर रही, जून में सामान्य से 36% कम बारिश हुई।
🔹 छत्तीसगढ़:
यहां 16 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। बस्तर और रायगढ़ इलाके विशेष रूप से संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
🔹 पंजाब:
यहां मानसून सक्रिय है। 5 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
🔹 झारखंड:
पलामू जिले में बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट जारी, जनता रहे सतर्क
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देश के 10 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को निचले इलाकों से दूर रहने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
क्या करें इस आपदा में?
- अनावश्यक यात्रा से बचें
- निचले इलाकों में ना जाएं
- बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखें
- स्थानीय प्रशासन की चेतावनी का पालन करें
देशभर में बारिश का यह दौर अभी थमने वाला नहीं है। खासकर पहाड़ी राज्यों में रहने वालों के लिए यह समय अत्यधिक सावधानी बरतने का है। हिमाचल की त्रासदी ने दिखा दिया है कि मौसम का मिज़ाज किस कदर खतरनाक हो सकता है।
Watch Now :- अब ट्रेन का इंतज़ार बन जाएगा एक शानदार अनुभव!
Read More :- कोलकाता लॉ कॉलेज गैंगरेप केस: आरोपी शिक्षक की नौकरी गई, 2 स्टूडेंट सस्पेंड

