Hezbollah Israel missile attack: अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध को 13वां दिन होग गए हैं। ईरान का साफ कहना है कि अगर उसे अंतरराष्ट्रीय गारंटी मिलती है तो वो इस युद्ध को रोक देगा। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ईरान पर कड़ा रुख अपनाए हुए हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज क्षेत्र में ईरान के कुल 58 नौसैनिक जहाजों को तबाह कर दिया है। साथ ही बारूदी सुरंग बिछाने वाली कम से कम 31 नावों को भी नष्ट किया गया है।

इजराइल पर 150 मिसाइलें दागीं
इजराइल को ईरान के साथ-साथ पड़ोसी लेबनान के उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह की चुनौती का भी सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार को ईरान समर्थक हिजबुल्लाह ने इजराइल पर 150 मिसाइलें दागीं। हालांकि, इजराइल के एयर डिफेंस सिस्टम ने ज्यादातर रॉकेट और मिसाइलों रोक दिया, लेकिन कुछ जगहों पर मलबा गिरा जिससे आग लग गई। इसी बीच इजराइल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अलग-अलग हमलों में देश भर में पिछले 24 घंटे में 179 लोग घायल हुए हैं। जबकि जंग शुरू होने के बाद से अब तक 2,745 लोग घायल हो चुके हैं।
कैलिफोर्निया को चेतावनी
उधर अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने कैलिफोर्निया के पुलिस विभाग को चेतावनी दी कि ईरान, अमेरिका के पश्चिमी तट पर हमला कर सकता है। रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी गई। इधर, कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार सुबह कई ड्रोन से हमला किया गया। इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। ईरान के साथ चल रहे युद्ध के कारण फिलहाल कुवैत का हवाई क्षेत्र बंद है। हवाई अड्डे पर पहले ही कॉमर्शियल उड़ानों पर रोक लगा दी थी, और देश का एयरस्पेस भी बंद है।
भारतीय जहाज को इजाजत
अमेरिका-इजराइल और ईरान में जारी जंग के बीच भी भारतीय जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजर सकेंगे। ईरान सरकार ने इसकी इजाजत दी है। रिपोर्ट्स में ये कहा गया है। हालांकि रॉयटर्स ने एक ईरानी सोर्स के हवाले से कहा कि कोई छूट नहीं दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक जो जहाज अमेरिका और इजराइल से जुड़े नहीं हैं, उन्हें इस रास्ते से गुजरने दिया जाएगा। इसी वजह से फिलहाल भारतीय जहाजों को रास्ता दिया गया है। इससे पहले ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर हमले की धमकी दी थी।

Hezbollah Israel missile attack: मुंबई पहुंचा जहाज
लाइबेरिया के झंडे वाला तेल टैंकर शेनलॉन्ग मुंबई के पास भारतीय समुद्री क्षेत्र में पहुंचा है। ये जहाज मुंबई पोर्ट पर पहुंचा। रिपोर्ट के मुताबिक इस जहाज की कमान भारतीय कप्तान के पास है। यह टैंकर सऊदी अरब के रास तनूरा पोर्ट से कच्चा तेल लेकर भारत आया।
