देश के पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों तक साफ नजर आने लगा है। हिमाचल और उत्तराखंड में जनजीवन प्रभावित है, वहीं यूपी, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में ठंड और कोहरा फिर लौट आया है।
हिमाचल प्रदेश में 885 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी से हालात बिगड़ गए हैं। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में पारा लगातार माइनस में बना हुआ है.बर्फबारी की वजह से 885 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं, 3000 से अधिक बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं.पानी की पाइपलाइन जमने से कई इलाकों में पेयजल संकट स्थानीय लोगों का कहना है कि बर्फ सुंदर जरूर लगती है, लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल हो गई है। स्कूल बंद हैं और जरूरी सामान लाने में भी परेशानी हो रही है।
उत्तराखंड रास्तों पर अब भी 4 फीट बर्फ
उत्तराखंड में दो दिनों की बर्फबारी के बाद गुरुवार को मौसम साफ हुआ और धूप खिली. हालांकि, बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री के रास्तों पर अभी भी 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है. चमोली के औली में करीब 2 फीट ताजा बर्फ गिरने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है, लेकिन प्रशासन ने हिमस्खलन को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मैदानी राज्यों में भी दिखा असर
पहाड़ों की बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में ठंडी हवाओं के साथ कोहरा बढ़ गया है। कई जिलों में तापमान गिरने से लोगों को फिर से सर्दी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है।
