Haryana updates: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रदेशवासियों को बड़ी राहत देते हुए प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में 1884 करोड़ रुपये जारी किए। अधिकारियों के अनुसार, इस राशि से राज्य के लाखों किसानों, बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिला है। सरकार द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांगजन भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत करीब 26 लाख 12 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में 842 करोड़ 92 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।

किसानों को फसल बीमा की बड़ी राहत
इसी कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ फसलों के लिए 1 लाख 67 हजार 460 किसानों के खातों में 711 करोड़ 69 लाख रुपये की बीमा राशि भी जमा कराई गई।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा की डबल इंजन सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भी राज्य सरकार ने विभिन्न योजनाओं के तहत 1357 करोड़ रुपये महिला लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए थे।
किसानों को मिली बड़ी सहायता
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में किसानों को फसल मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत करीब 16,160 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके दस साल के कार्यकाल में केवल 1138 करोड़ रुपये का मुआवजा जारी किया गया था।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पूर्व सरकार के समय किसानों का 269 करोड़ रुपये का बकाया मुआवजा भी वर्तमान सरकार ने 2014 में सत्ता संभालने के बाद जारी किया।
आढ़तियों और अन्य योजनाओं को भी मिली राहत
आगे मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि राज्य सरकार ने 11,199 आढ़तियों को लगभग 56 करोड़ 97 लाख रुपये की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की है। इसके अलावा खरीफ खरीद सत्र 2025-26 के दौरान आढ़तियों को कुल 239 करोड़ 28 लाख रुपये का कमीशन पहले ही दिया जा चुका है। सरकार ने वर्ष 2024-25 से गेहूं, धान और बाजरा पर 55 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन देने का निर्णय भी लिया है।
उनके अनुसार कार्यक्रम के दौरान दयालु योजना के तहत 5409 लाभार्थियों को 205.42 करोड़ रुपये, जबकि ‘सभी के लिए आवास’ योजना के तहत 12,353 परिवारों को 67 करोड़ रुपये की सहायता भी जारी की गई। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार का प्रथम उद्देश्य पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से हर जरूरतमंद तक जनकल्याण योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
