Haryana politics: हरियाणा की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज होता नजर आ रहा है। मंगलवार को कुरुक्षेत्र के थानेसर से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सार्वजनिक तौर पर नसीहत देते हुए कहा है कि उन्हें मर्यादा में रहकर बयान देना चाहिए। यह टिप्पणी तब आई है जब मुख्यमंत्री सैनी ने राहुल गांधी के प्रशिक्षण शिविर को लेकर बयान दिया था।
CM सैनी के बयान पर विधायक ने किया पलटवार

अरोड़ा ने मुख्यमंत्री सैनी के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी कुरुक्षेत्र में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में केवल एक घंटे ही रुके थे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अरोड़ा ने कहा, “मुख्यमंत्री को अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए और तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी शिविर में पूरे सात घंटे तक मौजूद रहे और जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया। आगे वे यह भी बोले कि संभवतः मुख्यमंत्री को खुफिया एजेंसी (CID) से गलत जानकारी मिली है।
अनअप्रूव्ड कॉलोनियों पर अरोड़ा ने उठाए सवाल
विधायक अरोड़ा ने थानेसर विधानसभा क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में अनअप्रूव्ड कॉलोनियां काटी जा रही हैं, जिससे आम जनता को ठगा जा रहा है|उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए।
विधायक अरोड़ा ने जताई गैस सिलेंडर की बढती कमी पर चिंता
अरोड़ा ने फिर देश में गैस सिलेंडर की संभावित कमी को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि किसी भी संकट का सामना मिलकर करना चाहिए।
विधानसभा में उठाए स्थानीय मुद्दे
बजट सत्र के दौरान अपने संबोधन में अरोड़ा ने कहा कि उन्होंने थानेसर से जुड़े कई अहम मुद्दों को विधानसभा में उठाया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने कुछ मामलों में सहमति जताई है और समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया है।
