Haryana politics: हरियाणा की राजनीति में रविवार को एक दिलचस्प घटनाक्रम देखने को मिला, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अचानक सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया के आवास पर पहुंच गए। इस अप्रत्याशित मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया। घटना की खास बात यह रही कि गोकुल सेतिया कांग्रेस के विधायक हैं, जबकि नायब सिंह सैनी भारतीय जनता पार्टी से विधायक और हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं। इस मुलाकात के दौरान हरियाणा सरकार की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी और सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल भी CM सैनी के साथ मौजूद रहीं।
एक ही गाड़ी में पहुंचे मुख्यमंत्री और विधायक
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधायक गोकुल सेतिया एक ही गाड़ी में सवार होकर सेतिया निवास पहुंचे। दोनों नेताओं को एक साथ देख राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें शुरू हो गयीं |

हालांकि, मीडिया से बातचीत के दौरान गोकुल सेतिया ने इन चर्चाओं को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि यह महज एक शिष्टाचार भेंट थी।
भाई की शादी की बधाई देने पहुंचे थे मुख्यमंत्री सैनी
सेतिया ने मीडिया को बताया कि दिन में उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ एक विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में मंच साझा किया था। उसी दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि वे उनके छोटे भाई विभोर सेतिया की शादी में शामिल नहीं हो पाए थे। सेतिया के अनुसार, मुख्यमंत्री सैनी ने इच्छा जताई कि वे व्यक्तिगत रूप से विभोर सेतिया से मिलकर शादी की बधाई देना चाहते हैं और चाय पर मुलाकात करना चाहते हैं। इसी कारण मुख्यमंत्री सैनी उनके घर पहुंचे।
सिरसा के विकास पर भी दोनों के बीच हुई बातचीत
सेतिया ने आगे जानकारी दी कि इस मुलाकात के दौरान माहौल पूरी तरह सौहार्दपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी और कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी के साथ सिरसा जिले के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में सिरसा में विकास कार्यों को और गति मिलेगी और इसका सीधा लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा।
राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का दावा
इस मुलाकात के दौरान सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल की मौजूदगी ने राजनीतिक महत्व को और बढ़ा दिया। हालांकि नेताओं ने इसे निजी मुलाकात बताया। वहीं जब पत्रकारों ने आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर सवाल किया तो सेतिया ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति मजबूत है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के सभी विधायक एकजुट होकर कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध का समर्थन करेंगे और उनकी जीत निश्चित है।
