Haryana news: किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने वाली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शुक्रवार को देश भर के किसानों को बड़ी राहत मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से देशभर के किसानों के खातों में योजना की 22वीं किस्त जारी की। इसी कड़ी में हरियाणा के पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वर्चुअली जुड़े। योजना के तहत हरियाणा राज्य के 15.86 लाख किसानों के खातों में 328 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए।
देशभर के किसानों को ₹18,640 करोड़ रुपये की सौगात
जानकारी के अनुसार, असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने PM किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त के तहत देशभर के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी।

हरियाणा के किसानों को प्राप्त हुई ₹328 करोड़ की सहायता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि इस किस्त के तहत हरियाणा के 15 लाख 86 हजार किसानों के खातों में 328 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है।
उन्होंने आगे कहा कि इस योजना के तहत अब तक 22 किस्तों में हरियाणा के किसानों को 7,562 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिल चुकी है, जिससे किसानों को खेती से जुड़े खर्चों में राहत मिली है।
आर्थिक सहायता किसानों के भरोसे का प्रतीक: CM सैनी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सैनी ने योजना की 22वीं किस्त जारी करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहायता किसानों के प्रति केंद्र सरकार के भरोसे और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। बयान जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के अन्नदाताओं के कल्याण के लिए जो संकल्प लिया है, यह योजना उसी का प्रमाण है।
कृषि योजनाओं से किसानों को मिल रहा लाभ
कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी मुख्यमंत्री सैनी के साथ उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को केवल सम्मान निधि ही नहीं दे रही, बल्कि खाद पर सब्सिडी और कई अन्य योजनाओं के माध्यम से भी सहायता कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और कुसुम योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के जरिए किसानों को तकनीक और सौर ऊर्जा से जोड़ा जा रहा है।
