Haryana news: हरियाणा में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया है कि राज्य में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और राज्य में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए आम लोगों को किसी भी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
अधिकारियों और तेल कंपनियों के साथ की समीक्षा बैठक
ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करने के लिए मुख्यमंत्री सैनी ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में तेल कंपनियों ने सरकार को भरोसा दिलाया कि हरियाणा में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति सुचारु रूप से चल रही है।

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। वे बोले कि राज्य में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार जारी है और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
आवश्यक सेवाओं को दी जा रही प्राथमिकता
हरियाणा सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देने की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे जरूरी सेवाओं के संचालन पर किसी भी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि तेल कंपनियां शेष आपूर्ति को और अधिक सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं, ताकि राज्य में ईंधन वितरण व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित बनी रहे।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री सैनी ने सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कहीं भी ईंधन की चोरी, कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी व्यक्ति को ईंधन की आपूर्ति में बाधा न आए।
मुख्यमंत्री सैनी ने की अफवाहों से बचने की अपील
सीएम सैनी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट में ईंधन का भंडारण करने से बचें। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें |
