Haryana news: हरियाणा के जींद जिले में रविवार को आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्षी दलों कांग्रेस और इनेलो पर जमकर हमला बोला। हुडा ग्राउंड में आयोजित इस रैली में करीब सवा घंटे तक दिए गए अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष की नीतियों पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।
मुख्यमंत्री सैनी ने शुरुआत में कहा कि कांग्रेस और इनेलो का एजेंडा हमेशा “वोट लो और शोषण करो” रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने अपने शासनकाल में प्रदेश को विकास की दौड़ में पीछे धकेलने का काम किया और परिवारवाद को बढ़ावा दिया।

परिवारवाद और शोषण का लगाया आरोप
सीएम सैनी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जनता के वोट का इस्तेमाल केवल अपने परिवारों को आगे बढ़ाने के लिए किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 10 वर्षों के शासनकाल में आम जनता का शोषण हुआ, जबकि मौजूदा भाजपा सरकार ने पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने का स्पष्ट विजन रखती है।
पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना
मुख्यमंत्री सैनी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में देश लगातार प्रगति कर रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत की नई पहचान बन रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री को देशहित में समर्पित और मजबूत नेतृत्व वाला शासक बताया।
रोजगार और विकास के आंकड़े किये पेश
रैली के दौरान सीएम सैनी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में जींद जिले में करीब 15 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने इसे सरकार की विकास और रोजगार नीति का परिणाम बताया। उन्होंने खुद को एक साधारण गरीब परिवार से जुड़ा बताते हुए कहा कि वह सत्ता में किसी मुखिया की तरह नहीं, बल्कि एक सेवक के रूप में काम कर रहे हैं।
