Haryana news: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में वित्त मंत्री के तौर पर ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया. गौरतलब है कि यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 10.28 प्रतिशत अधिक है. केसरिया पगड़ी पहनकर सदन में पहुंचे मुख्यमंत्री सैनी ने तीन घंटे दस मिनट तक बजट भाषण पढ़ा और शुरुआत गुरु नानक देव जी के सिद्धांत ‘किरत कर, नाम जप, वंड छक’ से की.
बजट में महिलाओं, युवाओं, किसानों और बुनियादी ढांचे के समग्र विकास पर जोर दिया गया.

महिलाओं को वाहन खरीदने पर मिलेगी 1% तक टैक्स छूट, लाडो लक्ष्मी योजना का होगा विस्तार
प्रदेश में अब महिलाओं को अपने नाम पर वाहन खरीदने पर 1% टैक्स छूट मिलेगी. इसके साथ ही लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाते हुए 25 सितंबर से 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाली महिलाओं को भी इसका लाभ मिलेगा. बता दें कि अभी तक 1.40 लाख रुपये तक आय वाली 9.22 लाख महिलाओं को ₹2100 की सहायता मिल रही है, परन्तु अब इस योजना से 6 लाख अतिरिक्त महिलाओं को लाभ पहुंचेगा.
Haryana news: अग्निवीरों के लिए पुलिस में 20% आरक्षण
हरियाणा सरकार ने पुलिस भर्ती में अग्निवीरों के लिए 20% आरक्षण का प्रस्ताव रखा है. अगले वर्ष 1300 अग्निवीरों की विशेष भर्ती की जाएगी. वहीं, दूसरी ओर किसानों के लिए ‘एग्री डिस्कॉम’ नाम से नया बिजली निगम बनाया जाएगा, जिसके तहत ट्यूबवेल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे.
परिवहन, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएँगी
बजट में बताया गया कि अब हरियाणा रोडवेज कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे तीर्थ स्थलों के लिए 50 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगा, और विद्यार्थियों के लिए 1000 नई बसें खरीदी जाएंगी. महिला यात्रियों और छात्राओं कीसुविधा के तहत 273 बसों की संख्या बढ़ाकर 500 की जाएगी. HSSC परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त यात्रा हेतु ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा.
शहरों, गाँव के लिए विशेष योजनाएं बनायीं गयीं
सरकार के द्वारा पेश किये गए बजट के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत भूमि पर ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा. 1000 से अधिक आबादी वाली पंचायतों में पक्की गलियाँ विकसित की जाएंगी. ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण’ के तहत हर परिवार को 125 दिन रोजगार देने के लिए ₹810 करोड़ का प्रावधान दिया गया है. आगे बताया गया कि 31 मार्च 2025 तक प्रॉपर्टी टैक्स न भरने वालों से ब्याज नहीं लिया जाएगा.
फरीदाबाद शहर को ग्लोबल शोकेस के रूप में विकसित किया जायेगा. दूसरे शहरों जैसे पिंजौर में नया हेलीपोर्ट और करनाल में 800 एकड़ में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट इस साल या अगले साल तक बन कर तैयार होगा. हिसार में कार्गो टर्मिनल और पानीपत में ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट स्थापित किया जाएगा.
