Haryana news: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को पंजाब के गुरदासपुर जिले के ऐतिहासिक कस्बे डेरा बाबा नानक में स्थित गुरुद्वारा चोला साहिब पहुंचकर मत्था टेका. उन्होंने जोड़ मेले के पहले दिन अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए श्री गुरु नानक देव जी के पवित्र अंग-वस्त्र ‘चोला साहिब’ के दर्शन किए और गुरुद्वारे में अरदास कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की.
CM ने ऐतिहासिक धरोहरों के भी किये दर्शन
मुख्यमंत्री सैनी ने गुरुद्वारा चोला साहिब में श्रद्धापूर्वक मत्था टेकते हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब के लिए रुमाला साहिब और फूलों के गुलदस्ते भेंट किए. इस अवसर पर उन्होंने गुरु नानक देव जी के पवित्र चोला साहिब के साथ-साथ बहन बीबी नानकी के रुमाल और वीर योद्धा हरि सिंह नलूया के ऐतिहासिक दोशालों के भी दर्शन किए. गुरुद्वारा प्रबंधन ने दर्शन के बाद मुख्यमंत्री सैनी को सम्मानित भी किया.

CM को स्मृति चिन्ह किया भेंट
बाबा सुखदेव सिंह बेदी, बाबा अवतार सिंह बेदी और बाबा मनजीत सिंह समेत गुरुद्वारा प्रबंधन के अन्य सदस्यों ने मुख्यमंत्री के गुरुद्वारा श्री चोला साहिब पहुँचने पर ज़ोरों-शोरों से स्वागत किया. इस दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया. अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ भाजपा और हलका फतेहगढ़ चूड़ियां के इंचार्ज रविकरण सिंह काहलों और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे.
“स्वयं को भाग्यशाली मानता हूँ,” बोले सैनी
CM सैनी ने इस दौरान कहा कि वे गुरु घर में नतमस्तक होने और आशीर्वाद लेने के लिए यहां आए हैं. आगे वे बोले कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली ,मानते हैं जो उन्हें पहली बार गुरु नानक देव जी के पवित्र चोला साहिब के दर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ. जब पत्रकारों से बातचीत के दौरान उनसे करतारपुर साहिब कॉरिडोर के सम्बन्ध में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अवगत करवाएंगे. इस दौरान वे बोले कि प्रधानमंत्री मोदी ने ही श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर डेरा बाबा नानक की अंतरराष्ट्रीय सीमा से करतारपुर साहिब कॉरिडोर को खोलने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था.
