Haryana news: फरीदाबाद में आयोजित ‘विकसित फरीदाबाद रैली’ में हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विकास, किसान हित और राजनीतिक संदेशों का संगम पेश किया। शनिवार को सेक्टर-12 हुड्डा मैदान में हुई इस रैली में उन्होंने ₹120 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
₹120 करोड़ की परियोजनाओं का किया आगाज़

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रैली की शुरुआत संत सूरदास की धरती को नमन करते हुए की। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद के समग्र विकास के लिए ₹120.73 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में आयोजित रोजगार मेले में चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
एक साल में किये 60 वादे पूरे, कांग्रेस पर बोला हमला
सीएम सैनी ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 वादों में से 60 को सरकार ने महज एक साल में पूरा कर दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व की सरकारें झूठ और भ्रष्टाचार के सहारे सत्ता में रहीं, लेकिन जनता ने अब उन्हें नकार दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर काम कर रही है।
तेल कीमतों और विकास पर रखा सरकार का पक्ष
आगे मुख्यमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के बावजूद देश में तेल के दाम स्थिर हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में फरीदाबाद में ₹1321 करोड़ के विकास कार्य हुए हैं, जबकि कांग्रेस शासन में यह आंकड़ा मात्र ₹170 करोड़ था।
किसानों को दिया राहत का भरोसा
इसके बाद सीएम सैनी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि खराब मौसम के कारण फसलों को हुए नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।
नई परियोजनाओं की हुईं घोषणाएं
रैली में कई अहम घोषणाएं भी की गईं | सीएम सैनी ने बताया कि सेक्टर-8 में PPP मोड पर अस्पताल, ग्रेटर फरीदाबाद में म्यूजियम, सेक्टर-12 में बैंक्विट हॉल और खेल परिसर में नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन उपलब्ध कराने का भी ऐलान किया गया।
रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गईं। लगभग 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी मंत्री विपुल गोयल के नेतृत्व में संभाली गई।
