Haryana news: मंगलवार को हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम में आयोजित उन्नत सिंचाई उत्सव के मंच से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों, विकास और रोजगार को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। खुद को किसान का बेटा बताते हुए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक पहुंच मजबूत करने और पारदर्शिता बढ़ाने का भरोसा दिलाया। तोशाम के चौधरी सुरेंद्र सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने उन्नत सिंचाई उत्सव मेले का शुभारंभ किया और इसकी अवधि दो दिन से बढ़ाकर तीन दिन करने की घोषणा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने 107 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मौसम खराब रहने के बावजूद वाटरप्रूफ टेंट में बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

सीएम सैनी ने चौधरी सुरेंद्र सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन समाजसेवा के लिए समर्पित था, और तोशाम की मिट्टी में उनका नाम हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। साथ ही साथ उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल को हरियाणा का निर्माता बताते हुए कहा कि उन्होंने नहरी और लिफ्ट सिंचाई योजनाओं के जरिए किसानों की किस्मत बदली।
कांग्रेस पर बोला तीखा प्रहार
मुख्यमंत्री सैनी ने इस अवसर पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में घोषणापत्र केवल कागजों तक सीमित रह जाता था। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने किए गए वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि पिछले 11 वर्षों में तोशाम क्षेत्र के लिए 283 घोषणाएं की गईं, जिनमें से 258 पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष पर तेजी से काम जारी है। इसके अलावा क्षेत्र में 10,127 करोड़ रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए जारी की गई है।
किसानों और युवाओं के लिए CM सैनी ने किये बड़े वादे

सीएम सैनी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “मैं खुद किसान का बेटा हूं, इसलिए किसानों का दर्द समझता हूं। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को पटवारी और तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर मुआवजा दिया गया है।”
उन्होंने घोषणा की कि एक सप्ताह के भीतर 2,500 पटवारी गांवों में पहुंचेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान किया जा सके। युवाओं के रोजगार के अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 1.80 लाख युवाओं को बिना पर्ची और खर्ची के नौकरी दी गई है, जिनमें भिवानी के 25 हजार युवा शामिल हैं।
विपक्ष पर आरोप और सरकार का पक्ष
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे आपदा के समय भी राजनीति करते हैं और लोगों में भ्रम फैलाते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई और गैस पाइपलाइन विस्तार का काम तेजी से जारी है।
