
मध्य प्रदेश के ग्वालियर की प्रतिभाशाली क्रिकेटर अनुष्का शर्मा का चयन भारतीय महिला टी-20 टीम में हुआ है। वह पहली बार सीनियर राष्ट्रीय टीम में शामिल हुई हैं और अब दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अनुष्का शर्मा को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है। वह फिलहाल इंडिया ए टीम का हिस्सा हैं और घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ वूमेन प्रीमियर लीग में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। ऑलराउंडर के रूप में उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपनी क्षमता साबित की है, जिसके आधार पर चयन समिति ने उन्हें सीनियर टीम में मौका दिया है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने एयरपोर्ट पर किया सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर एयरपोर्ट पर अनुष्का शर्मा से मुलाकात कर उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस दौरान उनके पिता बृजमोहन शर्मा और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि अनुष्का की सफलता अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
WPL में भी दिखा चुकी हैं दम
अनुष्का शर्मा वूमेन प्रीमियर लीग (WPL) में गुजरात जायंट्स के लिए खेल चुकी हैं, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें इस टीम ने 45 लाख रुपए में खरीदा था। वह ग्वालियर की पहली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने WPL में जगह बनाई और अब राष्ट्रीय टीम तक पहुंचकर नया मुकाम हासिल किया है।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
अनुष्का का क्रिकेट सफर काफी प्रेरणादायक रहा है। शुरुआत में वह अपने भाई के साथ घर की छत पर क्रिकेट खेलती थीं। बाद में उन्होंने पेशेवर प्रशिक्षण लिया और 2017 में मध्य प्रदेश की अंडर-16 टीम में चयनित हुईं। अपने पहले ही टूर्नामेंट में उन्होंने सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर का खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अनुष्का की सफलता में उनके परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके पिता और भाई ने शुरुआती दौर से ही उनका समर्थन किया। परिवार के अनुसार, अनुष्का ने लगातार मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
