Gurugram dowry death: हरियाणा के गुरुग्राम से शनिवार को दहेज हत्या से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। शादी के महज चार महीने बाद ही एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को जहरीला इंजेक्शन देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
मामला गुरुग्राम के सेक्टर-10 का

पुलिस के अनुसार, यह सनसनीखेज मामला गुरुग्राम के सेक्टर-10 इलाके का है। 23 वर्षीय महिला को 18 मार्च को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर केस दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के परिवार ने लगाये दहेज प्रताड़ना के आरोप
मृतका के परिवार ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपी पति दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहा था। आए दिन मारपीट और पैसों की मांग को लेकर महिला पर दबाव बनाया जाता था, जिससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान थी।
पति ने पुलिस के सामने कबूला गुनाह
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी पति, जो एक नर्सिंग होम में काम करता है, ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने 18 मार्च को अपनी पत्नी को जहरीला इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है।

पुलिस ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी के घर से एक इस्तेमाल की हुई सिरिंज और एनेस्थीसिया की बोतल बरामद हुई है, जिससे मामले को और मजबूती मिली है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी, लेकिन जहरीले इंजेक्शन से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
4 महीने पहले हुई थी मृतका की आरोपी से लव मैरिज
सूत्रों ने बताया कि मृतका और आरोपी की शादी करीब चार महीने पहले ही लव मैरिज के रूप में हुई थी। महिला एक निजी अस्पताल में नर्स थी, जबकि आरोपी लैब टेक्नीशियन के तौर पर कार्यरत था। शादी के कुछ ही समय बाद रिश्ते में दरार और दहेज की मांग ने इस दर्दनाक अंजाम को जन्म दे दिया।
