Guru Randhawa Song Controversy: फेमस पंजाबी पॉप सिंगर गुरु रंधावा इन दिनों अपने नए गाने ‘सिरा’ को लेकर सुर्खियों मे बने हुए हैं। दरअसल उनके गाने को के लिरिक्स को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। उनके गाने के लिरिक्स को आपत्तिजनक बताया जा रहा है। ऐसे में पंजाब के लुधियाना जिले के कस्बा समराला की अदालत ने उन्हें समन जारी करते हुए 2 सितंबर 2025 को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।
आपत्तिजनक शब्द पर दर्ज हुई शिकायत…
गुरु रंधावा के गाने ‘सिरा’ की एक पंक्ति “जम्यां नु गुढ़ती च मलिता अफीम ऐ” को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। याचिकाकर्ता राजदीप सिंह मान ने एडवोकेट गुरवीर सिंह ढिल्लों के जरिए अदालत में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि गाने में इस्तेमाल किया गया ‘गुढ़ती’ शब्द बेहद संवेदनशील है और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में इसका आध्यात्मिक महत्व बताया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस शब्द का प्रयोग अपमानजनक ढंग से किया गया है।
View this post on Instagram
पहले भेजा गया था कानूनी नोटिस…
एडवोकेट ढिल्लों ने जानकारी दी कि इस मामले में गायक गुरु रंधावा को पहले कानूनी नोटिस भेजा गया था। नोटिस में गीत को हटाने या उसमें आपत्तिजनक हिस्से को लेकर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने की मांग की गई थी। लेकिन जब इस मामले का समाधान नहीं हुआ, तब इसे अदालत तक ले जाया गया। नतीजतन, अब समराला अदालत ने सिंगर को समन जारी किया है।

सोशल मीडिया पर भी उठे सवाल…
इस विवाद ने सोशल मीडिया पर भी बहस छेड़ दी है। कई यूजर्स का कहना है कि गुरु रंधावा के हाल ही में रिलीज हुए एक अन्य म्यूजिक वीडियो ‘Azul’ में भी स्कूल की लड़कियों को ‘सेक्शुलाइज’ करने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि इस वीडियो से अंशिका पांडे नाम की डांसर को ओवरनाइट फेम मिला है, लेकिन गाने की प्रस्तुति पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

कलाकारों की जिम्मेदारी पर बहस…
गुरु रंधावा का यह विवाद केवल एक गाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने कलाकारों की जिम्मेदारी पर भी बड़ा सवाल खड़ा किया है। अक्सर देखा गया है कि म्यूजिक वीडियोज़ या गानों में प्रयोग हुए शब्द और दृश्यों को लेकर धार्मिक या सांस्कृतिक भावनाएं आहत हो जाती हैं। इस मामले में भी धार्मिक महत्व वाले शब्द के प्रयोग को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
आगे क्या होगा?
अब पूरा मामला अदालत के अधीन है। गुरु रंधावा को 2 सितंबर को समराला कोर्ट में पेश होना होगा, जहां इस पर सुनवाई की जाएगी। इस केस का नतीजा क्या होगा, यह तो आने वाला समय ही बताएगा, लेकिन फिलहाल यह विवाद चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
