Gorakhpur 25 lakh Loot: गोरखपुर के राजघाट थाना क्षेत्र के बसंतपुर में हुई ₹25 लाख की जेवरात लूट की सनसनीखेज घटना का गोरखपुर पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए जेवरात और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
आरोपियों को भेजा जेल
क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम, और राजघाट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने इस बड़ी सफलता को अंजाम दिया। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
25 लाख का लूटा था बैग
घटना राजघाट थाना क्षेत्र के बसंतपुर के पास हुई, जहां तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति को धक्का देकर ₹25 लाख की कीमत के जेवरात से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, और क्राइम ब्रांच की मदद से अभियुक्तों की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपियों में करण, सरफराज, आदित्य, अनुज, और रजत शामिल हैं। इनके कब्जे से 125.08 ग्राम पीली धातु (जेवरात) और लूट में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई।
Gorakhpur 25 lakh Loot: आरोपियों की उम्र 20 से 25 के बीच
SP सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि यह घटना चंद पैसों के लालच में अंजाम दी गई। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार अभियुक्तों की उम्र 20 से 25 साल के बीच है, और इनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। यह पहली बार था जब ये युवक ऐसी संगीन वारदात में शामिल हुए। उन्होंने कहा, “युवा पीढ़ी में बुरे कामों की ओर तेजी से रुझान बढ़ रहा है, जो चिंताजनक है। बुरे काम का अंजाम हमेशा बुरा होता है, और आज ये अभियुक्त सलाखों के पीछे हैं।”
गोविंद कुशवाहा की रिपोर्ट
