Gopalganj Father Killing Daughter: बिहार के गोपालगंज में बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने कथित तौर पर उसकी बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने इस आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया। यह घटना कटेया थाना क्षेत्र के गौरा गांव की है। ग्रामीणों के मुताबिक, 22 साल की युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे पिता नाराज़ थे।
बेटी का किया खून
पुलिस के मुताबिक, गौरा गांव निवासी जनार्दन कमकर की 22 साल की बेटी मोनिका कुमारी का एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, जिसको लेकर पिछले कई महीनों से घर में लड़ाई हो रही थी। मोनिका BA की छात्रा थी। रविवार की रात इसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर पिता जनार्दन कमकर ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। तो घर में रखे लोहे के टेबल फैन से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Gopalganj Father Killing Daughter: आरोपी पिता गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी पिता जनार्दन को गिरफ्तार कर लिया। कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के मुताबिक, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सना टेबल फैन भी साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। गौरा गांव की मोनिका कुमारी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई।
