Gold Silver Price Crash today: सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए राहत की खबर है, जबकि निवेशकों की धड़कनें तेज हो गई हैं। लगातार दूसरे दिन कीमती धातुओं के दाम में तेज गिरावट दर्ज की गई है। वायदा बाजार में चांदी और सोना दोनों ही दबाव में नजर आए।
आज यानी 1 फरवरी को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी के भाव में करीब 25 हजार रुपए की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद एक किलो चांदी का दाम फिसलकर 2.65 लाख रुपए पर आ गया। प्रतिशत के लिहाज से देखें तो यह करीब 9 प्रतिशत की गिरावट है।
सोने में भी कमजोरी कम नहीं रही। वायदा बाजार में 10 ग्राम सोने के भाव में करीब 12 हजार रुपए की गिरावट आई और कीमत घटकर 1.38 लाख रुपए पर पहुंच गई। यह गिरावट करीब 8 प्रतिशत की मानी जा रही है।
सर्राफा बाजार बंद, लेकिन गिरावट पहले ही दिखी
आज सर्राफा बाजार बंद है, लेकिन इससे पहले 30 जनवरी को भी भारी गिरावट देखने को मिली थी। उस दिन चांदी करीब 40,638 रुपए सस्ती हुई थी, जबकि सोने के दाम में 9,545 रुपए की गिरावट आई थी।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 30 जनवरी को एक किलो चांदी का भाव घटकर 3,39,350 रुपए रह गया था। वहीं 24 कैरेट सोना 1,65,795 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया था।
दो दिन में बड़ी टूट
अगर पिछले दो दिनों की तस्वीर देखें तो गिरावट और भी चौंकाने वाली है। एमसीएक्स पर सोने की कीमत में 31 हजार रुपए की कमी आई है। 29 जनवरी को सोना करीब 1.69 लाख रुपए के स्तर पर था, जो अब 1.38 लाख रुपए तक आ चुका है।
चांदी में गिरावट और भी तेज रही। 29 जनवरी को चांदी 4.01 लाख रुपए प्रति किलो के उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। वहां से अब तक इसमें 1.36 लाख रुपए की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।
Gold Silver Price Crash today : गिरावट की वजह क्या है
बाजार के जानकारों के मुताबिक, इस गिरावट की बड़ी वजह प्रॉफिट बुकिंग है। हाल के दिनों में सोना और चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। ऐसे में निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू किया, जिससे दामों पर दबाव बना।
