पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। वे लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे।
सरकार ने डॉ. सिंह के सम्मान में 7 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं और सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक होगी। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
कांग्रेस ने रद्द किए सभी कार्यक्रम
कांग्रेस ने भी सभी आधिकारिक कार्यक्रम अगले सात दिनों के लिए स्थगित कर दिए हैं। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी का झंडा शोक की अवधि के दौरान आधा झुका रहेगा, और कार्यक्रम 3 जनवरी 2025 से फिर से शुरू होंगे।
नेताओं की श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “भारत ने अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक को खो दिया है। डॉ. मनमोहन सिंह जी का जीवन साधारण पृष्ठभूमि से उठकर एक महान अर्थशास्त्री और प्रधानमंत्री बनने की प्रेरणादायक कहानी है। उनके नेतृत्व में देश ने आर्थिक प्रगति की।”
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया। मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है।”
