नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर आज बड़ी घोषणा होने वाली है। भारतीय चुनाव आयोग (ECI) रविवार को पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों का पूरा कार्यक्रम जारी करेगा.चुनाव आयोग की ओर से यह घोषणा नई दिल्ली के विज्ञान भवन में शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जाएगी। जैसे ही चुनाव कार्यक्रम का ऐलान होगा, इन सभी राज्यों में तुरंत प्रभाव से आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी।
इस बार कम चरणों में हो सकता है मतदान
सूत्रों के अनुसार, चुनाव आयोग इस बार मतदान प्रक्रिया को कम चरणों में पूरा करने पर विचार कर रहा है। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान कराया गया था। हालांकि इस बार आयोग मतदान के चरणों की संख्या कम करने की तैयारी में है। इसके लिए विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में केंद्रीय सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की योजना बनाई जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
अप्रैल-मई में हो सकता है मतदान
पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून 2026 के बीच समाप्त हो रहा है। ऐसे में संभावना है कि इन राज्यों में अप्रैल और मई के दौरान मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना उसके बाद निर्धारित तिथि पर होगी।चुनाव आयोग ने इन राज्यों में मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियों और अपीलों की प्रक्रिया पूरी कर ली है। आयोग ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी कर ली है और अब आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा बाकी है।
बंगाल का दौरा कर चुकी है आयोग की टीम
चुनाव कार्यक्रम घोषित करने से पहले चुनाव आयोग ने जमीनी स्थिति का आकलन भी किया है। हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग की एक उच्च स्तरीय टीम ने कोलकाता का दौरा किया था।इस दौरे में चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विनीत जोशी भी शामिल थे। आयोग की इस टीम ने राज्य के विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनावी कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था और निष्पक्ष मतदान को लेकर उनके सुझाव और चिंताएं सुनीं।
