Fitadi Village Fire Update: उत्तराखंड के विकासखंड मोरी के सुदूरवर्ती गांव फिताड़ी में बीती रात भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आग ने कुछ घंटों में 8 घरों और 6 अन्न भंडारों को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। साथ ही 3 गायों की भी जलकर दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार घटना का कारण बिजली गिरने से शॉर्ट सर्किट है।

तेज हवा से फैली आग
रात करीब 11 बजे आग लगी, जिसकी सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने तुरंत SDRF, राजस्व, स्वास्थ्य और पुलिस टीमों को मौके पर भेजा। राहत एवं बचाव दलों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
‘प्रशासन आपके साथ’
DM प्रशांत आर्य घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा, इस कठिन समय में प्रशासन आपके साथ खड़ा है। हर संभव मदद की जाएगी।” प्रशासन ने तत्काल राहत सामग्री पहुंचाई, जिसमें टेंट, तिरपाल, बर्तन सेट, गैस चूल्हा, कंबल, गद्दे, हाईजीन किट, सोलर लाइट और अन्य जरूरी सामान शामिल हैं। प्रभावित परिवारों के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय में राहत शिविर स्थापित कर रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है।

Fitadi Village Fire Update: दी सहायता राशि
वहीं क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल भी देर रात गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात की और सरकार की ओर से हर संभव आर्थिक और पुनर्वास सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। DM और विधायक ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने गांव में पानी की स्थायी व्यवस्था की मांग की। जिलाधिकारी ने पानी के टैंक निर्माण के निर्देश दिए और कहा कि यह टैंक न सिर्फ आग जैसी आपदाओं में काम आएगा, बल्कि गांव को पेयजल भी उपलब्ध कराएगा। प्रभावित परिवारों को सहायता राशि तुरंत वितरित कर दी गई है। साथ ही शीघ्र ही मकान बनाने के लिए अतिरिक्त आर्थिक मदद भी दी जाएगी।
