लेबनान में इजरायली हमले में 3 पुलिसकर्मी घायल, 20 की मौत
जॉर्डन की राजधानी अम्मान में इजरायली दूतावास पर रविवार सुबह गोलीबारी की गई। पुलिस ने गोली चलाने वाले बंदूकधारी को मार गिराया है। हालांकि इस कार्रवाई में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
टाइम्स ऑफ इज़राइल के मुताबिक, पुलिस ने दूतावास के आसपास के इलाके को बंद कर दिया है और घेराबंदी बढ़ा दी है। घटनास्थल पर और पुलिस बल और एम्बुलेंस को भेजा गया है। लोगों को घरों में रहने के लिए भी कहा गया है। पुलिस हमले में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
इजरायल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन अक्सर उस क्षेत्र में हुए हैं जहां शूटिंग हुई थी। गाजा युद्ध के बाद से इसराइल के ख़िलाफ़ कई प्रदर्शन हो चुके हैं.
लेबनान में 20 की मौत
इजरायल ने शनिवार देर रात लेबनान की राजधानी बेरूत पर हवाई हमला किया। हमले में एक आवासीय इमारत को निशाना बनाया गया, जिसमें 20 लोग मारे गए। इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला हिजबुल्ला के शीर्ष कमांडर मोहम्मद हैदर को मारने के लिए किया गया था।
हालांकि, न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, हिजबुल्ला ने कहा कि हमले में उसका कोई भी आदमी नहीं मारा गया। हिजबुल्ला ने एक बयान जारी कर कहा कि उसका कोई कमांडर हमले की जगह पर मौजूद नहीं था।
हमले में मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हमले में 66 लोग घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर है।
बंधकों की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन
हमास द्वारा बंधकों की रिहाई के लिए इजरायल की राजधानी तेल अवीव और यरुशलम में शनिवार देर रात विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। देर रात हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए। इससे पहले हमास ने दावा किया था कि उत्तरी गाजा में बंधक बनाई गई एक इजरायली महिला की मौत हो गई है।
हमास के अल-कासिम ब्रिगेड के प्रवक्ता ने कहा कि दुश्मन की एक महिला कैदी को मार दिया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि इलाके में अब भी एक और महिला कैदी है जिसकी जान को खतरा है। टाइम्स ऑफ इजरायल के अनुसार, इजरायली सेना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चला रही है।
इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने महिला की मौत से संबंधित जानकारी पर कोई पुष्टि देने से इनकार कर दिया। आईडीएफ ने कहा कि महिला की मौत से संबंधित जानकारी एकत्र की जा रही है।
