FIDE Candidates Chess Tournament 2026: FIDE साइप्रस में चल रहे चेस कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में भारतीय ग्रैंडमास्टर वैशाली रमेशबाबू ने विमेंस कैटेगरी में रुस की अलेक्जेंड्रा गोर्याचकिना को हराकर शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ वो पॉइंट टेबल पर टॉप पर बनी हुईं हैं।

प्रज्ञानानंदा 7वें स्थान पर कायम
ओपन कैटेगरी में भारत के ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा का मुकाबला जर्मनी के मथियास ब्लूबाउम के खिलाफ चल रहा था, लेकिन यह मुकाबला ड्रॉ हो गया। इस ड्रॉ के बाद प्रज्ञानानंदा पॉइंट टेबल पर सातवें नंबर पर ही बने हुए हैं।
पिछला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में गुकेश को मिली थी जीत
भारत के डी गुकेश ने पिछली बार कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जीत हासिल कर चीन के डिंग लिरेन को विश्व चैंपियनशिप में चुनौती दी थी। गुकेश भारत के दूसरे खिलाड़ी बने थे जिन्होंने यह टूर्नामेंट जीता। इससे पहले 5 बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने 1995 में पहली बार यह खिताब अपने नाम किया था।
कैंडिडेट्स टूर्नामेंट क्या है और क्यों अहम
कैंडिडेट्स टूर्नामेंट शतरंज की दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण इवेंट माना जाता है। यह तय करता है कि विश्व चैंपियन का अगला चैलेंजर कौन होगा। इसे विश्व चैंपियनशिप का ‘सेमीफाइनल’ भी कहा जाता है। टूर्नामेंट का विजेता सीधे विश्व चैंपियन से मुकाबला करने का मौका पाता है। यह शतरंज का सबसे बड़ा क्वालिफाइंग टूर्नामेंट है।
इस बार का मुकाबला
ओपन कैटेगरी के विजेता का सामना भारत के डी. गुकेश से होगा, जबकि विमेंस कैटेगरी की विजेता चीन की जू वेनजुन से भिड़ेगी।
टूर्नामेंट का फॉर्मेट
- इसमें दुनिया के टॉप 8 खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।
- सभी खिलाड़ी एक-दूसरे से दो बार (राउंड-रॉबिन फॉर्मेट) खेलते हैं।
- कुल 14 राउंड होते हैं।
- हर जीत पर 1 अंक और ड्रॉ पर 0.5 अंक मिलता है।
- सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी विजेता बनता है।
भारतीय शतरंज प्रेमी अब वैशाली और प्रज्ञानानंदा के बाकी मैचों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
