यूपी-दिल्ली बॉर्डर पर 5 किमी का भारी जाम आरएएफ, वज्र वाहन तैनात
यूपी से 5,000 किसान दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए दिल्ली-यूपी को जोड़ने वाले चिल्ला बॉर्डर पर कई स्थानों पर बैरिकेड लगाए हैं।
वज्र वाहन और आरएएफ के जवान तैनात हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। वाहनों की चेकिंग के कारण 5 किमी लंबा जाम लग रहा है। इसके चलते नोएडा एक्सप्रेस-वे को दोनों तरफ से बंद कर दिया गया है।
इससे पहले नोएडा में महामाया फ्लाईओवर के पास दोपहर 12 बजे से 5000 किसान जमा हो गए थे। जब वे संसद का घेराव करने के लिए दिल्ली की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद पुलिस से झड़प हो गई।
इससे पहले 1 दिसंबर यानी कल किसानों ने अपनी मांगों को लेकर नोएडा डीएम मनीष वर्मा और ग्रेटर नोएडा, यमुना, नोएडा अथॉरिटी के सीईओ के साथ बैठक की थी। बैठक 3 घंटे तक चली, लेकिन बेनतीजा साबित हुई।
एक साल पहले भी किसान यूनियनों ने इन मांगों को लेकर दिल्ली तक मार्च किया था। इस बार किसानों का नेतृत्व भारतीय किसान परिषद के सुखबीर खलीफा और भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पवन खटना कर रहे हैं।
