मुंबई। अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फोन कर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि धमकी देने वाला व्यक्ति गैंग का सदस्य नहीं है, बल्कि उसने वसूली के लिए गैंग के नाम का इस्तेमाल किया है।

हैरी बॉक्सर बनकर किया फोन

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता को एक व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया और कथित तौर पर तुषार कपूर से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। आरोपी ने अभिनेता को डराने की कोशिश भी की।
वॉयस रिकॉर्डिंग से खुला शक
मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रारंभिक जांच में कॉल के फर्जी होने का संदेह जताया गया है। जांचकर्ताओं ने धमकी भरे फोन की वॉयस रिकॉर्डिंग का विश्लेषण किया और उसकी तुलना हैरी बॉक्सर के उपलब्ध ऑडियो सैंपल से की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती आवाज विश्लेषण में दोनों आवाजों का मिलान नहीं हुआ। इसके बाद जांचकर्ताओं को संदेह हुआ कि फोन करने वाले ने अभिनेता को डराने और उनसे पैसे वसूलने के लिए गैंग के नाम का इस्तेमाल किया हो सकता है।
फोन करने वाले की पहचान में जुटी पुलिस
मुंबई क्राइम ब्रांच अब फोन करने वाले की पहचान करने और धमकी के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई है। पुलिस की जांच जारी है।