पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई गाना या कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि बिहार में शो आयोजित नहीं हो पाना है। दिलजीत ने खुलासा किया है कि वे बिहार में परफॉर्म करना चाहते थे, लेकिन वहां के प्रशासन ने भीड़ संभालने की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। सिंगर के मुताबिक, हजारों लोगों की भीड़ को मैनेज करना बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे अकेले आयोजकों के लिए संभालना मुश्किल होता।
बिहार में कॉन्सर्ट आयोजित करने की कोशिश नाकाम
हाल ही में इंस्टाग्राम लाइव सेशन के दौरान दिलजीत दोसांझ ने बताया कि उन्होंने पिछले साल भी बिहार में कॉन्सर्ट आयोजित करने की कोशिश की थी। हालांकि, यह कार्यक्रम नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि बिहार में शो आयोजित करने को लेकर अधिकारियों ने आयोजकों से पूछा था कि क्या वे भीड़ प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी ले सकते हैं। इस पर दिलजीत ने कहा कि हजारों लोगों की भीड़ को संभालने के लिए बड़े स्तर पर व्यवस्थाओं की जरूरत होती है। इतनी बड़ी जिम्मेदारी किसी कलाकार या उसकी निजी टीम के लिए अकेले उठाना आसान नहीं है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन का सहयोग जरूरी होता है।
दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर भी आई थी परेशानी
दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर भी शुरुआत में काफी अड़चनें आई थीं। 22 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (साउथ डिस्ट्रिक्ट) कार्यालय ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए शुरुआती आवेदन खारिज कर दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों से मिले सुरक्षा इनपुट और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था की व्यस्तता को इसकी वजह बताया गया था। हालांकि, बाद में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और आयोजकों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। आयोजकों ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत एक्शन प्लान भी पेश किया, जिसके बाद कॉन्सर्ट को मंजूरी मिल गई। दिलजीत ने इस आयोजन में दिल्ली पुलिस और CRPF के सहयोग की सराहना भी की।
महिला पुलिसकर्मी को मंच पर बुलाकर किया सम्मान

दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत का एक भावुक अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने एक महिला पुलिसकर्मी को मंच पर बुलाया और उनकी जमकर तारीफ की। दिलजीत ने कहा कि उन्हें देखकर अपनी मां की याद आ गई। उन्होंने दर्शकों से महिला पुलिसकर्मी के लिए जोरदार तालियां बजाने और उन्हें सैल्यूट करने की अपील की। सिंगर ने कहा कि पुलिसकर्मियों की वजह से लोग खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मां साल में केवल एक-दो बार ही उनसे मिल पाती हैं और कॉन्सर्ट के दिन भी मां ने उन्हें अपना ख्याल रखने की सलाह दी थी। दिलजीत का यह भावुक पल सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना रहा।