मुंबई। बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को धमकी भरे मैसेज भेजकर करोड़ों रुपये मांगने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच ने आईटी प्रोफेशनल वैभव मिश्रा को बेंगलुरु से हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लॉरेंस गैंग का नाम लेकर दोनों अभिनेताओं को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजे थे। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी का लॉरेंस गैंग से कोई संबंध नहीं है।
कई लोगों को भेजे थे धमकी भरे मैसेज
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, वैभव मिश्रा ने कई अन्य लोगों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल और मैसेज भेजे थे। आरोपी ने कथित तौर पर लॉरेंस गैंग का नाम इस्तेमाल कर अभिनेताओं से करोड़ों रुपये की मांग की थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किन-किन लोगों को निशाना बनाया था।
तुषार कपूर से मांगे थे 5 करोड़ रुपये
मंगलवार को अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिलने की जानकारी सामने आई थी। मैसेज भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था और कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की मांग की थी। तुषार कपूर ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी थी। इसके बाद जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई।
आवाज के मिलान में सामने आया अंतर
क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रिकॉर्डिंग में सुनाई देने वाली आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के उपलब्ध ऑडियो सैंपल से किया गया, लेकिन दोनों आवाजें मेल नहीं खाईं। इसके बाद पुलिस को आशंका हुई कि गैंग का नाम इस्तेमाल कर फर्जी धमकी दी जा रही थी।

रणवीर सिंह और गुरु रंधावा को भी मिल चुकी हैं धमकियां
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉरेंस गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले हैरी बॉक्सर का नाम इससे पहले भी फिल्म और मनोरंजन जगत की कई धमकी की घटनाओं में सामने आया है। अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को कथित तौर पर वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपये की मांग किए जाने की खबर आई थी। इसके अलावा पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा और कॉमेडियन कपिल शर्मा से जुड़े मामलों में भी धमकियों और फायरिंग की घटनाओं की जांच में गैंग का नाम सामने आया है। पुलिस इन सभी मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।