Dwarka murder: गुजरात के द्वारका जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला गुरुवार को सामने आया है, जहां एक युवक ने पैसों के विवाद में अपने ही दोस्त की हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। हालाँकि, मृतक के भाई के शक के चलते मामले का खुलासा हो गया | पुलिस ने बताया कि उन्होंने आरोपी को कबूलनामे के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या के बाद परिजनों को दी झूठी सूचना
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष ग्वाला के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले का निवासी था और गुजरात में एक निजी कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करता था।

संतोष के दोस्त, रामनरेश साकेत ने कुछ दिन पहले उसके बड़े भाई रामशकल को फोन कर बताया था कि संतोष नौकरी छोड़ने और दूसरी जगह काम तलाशने की सोच रहा है। इसके बाद 6 अप्रैल को साकेत ने फिर फोन कर दावा किया कि वह संतोष के साथ झील किनारे टहलने गया था, जहां संतोष ने अचानक पानी में कूदकर आत्महत्या कर ली। उसने यह भी कहा कि उसने बचाने की कोशिश की, लेकिन वह संतोष को बचा नहीं सका।
भाई को हुआ शक, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
साकेत की कहानी सुनकर संतोष के भाई को शक हुआ। वह राजकोट से द्वारका पहुंचा और आरोपी से सामना किया। उसके जवाब संतोषजनक रूप से न मिलने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने साकेत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
पैसों के विवाद में की हत्या
पूछताछ में आरोपी साकेत ने बताया कि वह और संतोष एक गांव के पास झील किनारे गए थे। वहां खाने-पीने के खर्च को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर साकेत ने संतोष को झील में धक्का दे दिया और फिर उस पर पत्थर फेंके, ताकि वह बाहर न निकल सके। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच पहले भी पैसों को लेकर झगड़े होते रहते थे।
शव बरामद, जांच जारी
घटना के खुलासे के बाद दमकल और रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद झील से संतोष का शव बरामद किया। फिलहाल द्वारका पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
