बंगाल सरकार ने काम पर लौटने की अपील की
कोलकाता रेप-मर्डर केस के विरोध में जूनियर डॉक्टर आज कॉलेज चौराहे से धर्मतला तक रैली निकालेंगे। डॉक्टरों ने कहा, ‘जब तक हमारी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हम आंदोलन जारी रखेंगे। हम किसी दबाव में नहीं आने वाले हैं।
कोलकाता में छह जूनियर डॉक्टर 5 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (एफएआईएमए) ने जूनियर डॉक्टरों को समर्थन देने की घोषणा की है। एफएआईएमए ने एक बैठक के बाद 9 अक्टूबर से देशव्यापी भूख हड़ताल की घोषणा की है।
जूनियर डॉक्टर स्वास्थ्य सचिव एन एस निगम को हटाने और स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार की जिम्मेदारी तय करने सहित अपनी नौ मांगों पर अड़े हुए हैं। डॉक्टरों ने कहा कि वे भूख हड़ताल की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मंच पर सीसीटीवी लगाएंगे ताकि हर कोई देख सके कि वहां क्या हो रहा है।
उधर, सरकार ने सभी प्रदर्शनकारियों से काम पर लौटने की अपील की है। मुख्य सचिव मनोज पंत ने कहा कि 90 प्रतिशत परियोजनाएं अगले महीने तक पूरी हो जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी लगाने का 45 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। सरकार अपने वादे पूरे कर रही है।
