Digvijaya Singh Ayodhya: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद वह पहली बार अयोध्या पहुंचे हैं। दिग्विजय सिंह का अयोध्या दौरा सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसा नहीं है कि दिग्विजय रामलला के दर्शन नहीं कर सकते, लेकिन बात ऐसी है कि राम मंदिर निर्माण के समय से ही कांग्रेस और BJP के बीच इसे लेकर तीखी बयानबाजी होती रही है।

धर्म की राजनीति नहीं
दिग्विजय सिंह का कहना है कि वह धर्म की राजनीति नहीं करते। उन्होंने राम मंदिर निर्माण का कभी विरोध नहीं किया। पूर्व CM ने कहा कि कांग्रेस का हर व्यक्ति अपनी आस्था के अनुसार ‘धर्म’ का पालन करता है। हम धर्म का दुरुपयोग न तो व्यवसाय के लिए करते हैं और न ही राजनीति के लिए। हर व्यक्ति अपनी आस्था के मुताबिक, धर्म का पालन करता है।
Digvijaya Singh Ayodhya: ‘राहुल भी आएंगे’
दिग्गी राजा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अयोध्या तब आता है जब भगवान उसे बुलाते हैं। उनको जब बुलावा मिला तो वह यहां आ गए। उन्होंने कहा कि भगवान राम के दर्शन करने आएं और हनुमान जी के दर्शन न हों ये तो संभव नहीं है। राहुल गांधी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जब उन्हें बुलावा आएगा, तो वे भी जरूर आएंगे, क्यों नहीं आएंगे।

रामनवमी की धूम
कांग्रेस नेता दिग्विजय ने पहले प्राचीन हनुमान गढ़ी मंदिर पहुंचकर बजरंगबली की पूजा की। उसके बाद वह रामलला के दर्शन करने पहुंचे। आज रामनवमी है और देशभर में रामजन्मोत्सव की धूम मची हुई है। ऐसे खास मौके पर दिग्विजय का रामलला के दर्शन करना खास माना जा रहा है।
