मध्य प्रदेश के गुना जिले में शुक्रवार को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के भतीजे आदित्य सिंह के खिलाफ एक अभियान में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इस बात की जानकारी राघौगढ़ पुलिस थाने के प्रभारी जुबेर खान ने एक न्यूज एजेंसी को दी। रिपोर्ट के अनुसार, आदित्य सिंह और उनके ड्राइवर के खिलाफ सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। आदित्य सिंह मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह के बेटे हैं।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में आदित्य सिंह को एक महिला पुलिसकर्मी और सरकारी कर्मचारियों से बहस करते हुए देखा जा सकता है। इसके अलावा, वीडियो में आदित्य सिंह को बहस के दौरान सिगरेट पकड़े हुए भी देखा गया, जो इस मामले को और विवादास्पद बना रहा है।
बीजेपी ने कसा तंज:
आदित्य सिंह राघौगढ़ नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। शुक्रवार को राघौगढ़ में मध्य प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘मैं हूँ अभिमन्यु’ अभियान का आयोजन हो रहा था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है। जब यह कार्यक्रम चल रहा था, तभी आदित्य सिंह वहां पहुंचे और सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों से उनकी बहस हो गई।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर आदित्य सिंह के व्यवहार की आलोचना होने लगी है। खासकर हाथ में सिगरेट लेकर पुलिसकर्मियों से बहस करने का उनका वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिससे लोग उनकी खिंचाई कर रहे हैं। इस पूरे मामले में बीजेपी ने भी प्रतिक्रिया दी है। मध्य प्रदेश बीजेपी ने आदित्य सिंह के इस व्यवहार पर तंज कसते हुए कहा है कि यह घटना कांग्रेस नेताओं की मानसिकता को दर्शाती है और सरकारी कार्यक्रमों के प्रति उनके अनुचित रवैये को सामने लाती है।
