Dhar crime news: धार जिले के बाग में शुक्रवार को फिल्म स्पेशल 26 जैसी वारदात सामने आई है। यहां के ब्राह्मण मोहल्ले में 5 बदमाशों ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया और एक ठेकेदार के घर में घुसकर 50 तोला सोना चार लाख रुपए नकद और तीन मोबाइल फोन ले गए। बता दें की भागते समय बदमाशों ने ठेकेदार और उनकी पत्नी को एक कमरे में बंद कर दिया था।

ठेकेदार राजकुमार मालवी ने बताया की वारदात सुबह करीब 10 बजे की है। बदमाशों ने खुद को आयकर अधिकारी बताया। कहा आपके पास ब्लैक मनी होने की शिकायत मिली है। इसकी जांच करना है। इसके बाद वे घर की तलाशी लेने लगे।
उन्होंने कहा की बदमाशों ने पत्नी कृष्णा से अलमारी की चाबी ली। उसमें से करीब 50 तोला सोने के गहने (जिसमें बेटी के गहने भी शामिल थे) और 4 लाख रुपए नकद निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने मुझे और पत्नी को एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया।
Dhar crime news: पुलिस ने ताला तोड़कर दंपती को बाहर निकाला
घर में बंधक बने राजकुमार मालवी ने शोर मचाकर मोहल्ले वालों को इकट्ठा किया। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जांच के दौरान एक मोबाइल कचरे में मिला
सूचना मिलने पर कुक्षी एसडीओपी सुनील गुप्ता, कुक्षी टीआई राजेश यादव और बाग टीआई कैलाश चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान लुटेरों की ओर से ले जाए गए तीन मोबाइल में से एक बायपास रोड पर कचरे के ढेर में मिला है।
एसपी ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया
एसपी मयंक अवस्थी ने बताया कि धार साइबर टीम को बाग भेजा गया है। जिले के सभी थानों को बदमाशों की तलाश में लगाया गया है। ठेकेदार राजकुमार मालवी के मुताबिक, मैंने इनकम टैक्स अधिकारी समझकर जांच में सहयोग किया था।
पुलिस ने आरोपियों का सीसीटीवी किया जारी
Dhar crime news: पुलिस ने फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर की गई लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई ब्लैक स्कॉर्पियो के सीसीटीवी फुटेज जारी किए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन या आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें। इस मामले में थाना बाग में लूट का प्रकरण दर्ज किया गया है।
