dhamtari accident: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। नेशनल हाईवे-30 पर खपरी के पास कार और ट्रक की सीधी टक्कर में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे।
यह हादसा उस वक्त हुआ, जब जवान कार से जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। सुबह के समय खपरी के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी कार सीधे जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार जवानों को निकलने का मौका तक नहीं मिला।
dhamtari accident: हाईवे पर खड़ी ट्रक बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक सड़क किनारे खड़ी थी और दृश्यता भी सीमित थी। तेज रफ्तार कार अचानक ट्रक से टकरा गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक चार जवान दम तोड़ चुके थे।
dhamtari accident: ये जवान शहीद
हादसे में जिन जवानों की जान गई है, उनमें मुकेश कुमार, सौरभ तोमर, राजकुमार गोंड और हीरा लाल नागर शामिल हैं। वहीं, अभियान राय नामक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
Also Read-Balod Accident News: किनारे खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर, 3 दोस्तों की मौत!
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि ट्रक किस परिस्थिति में हाईवे किनारे खड़ी थी और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था.इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर खड़े भारी वाहनों और तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया है। अब निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे साफ हो सके कि इस दर्दनाक टक्कर के पीछे जिम्मेदार कौन है।
