Dhami Government 4 Years: देहरादून के परेड ग्राउंड में धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर मेगा शो आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस कार्यक्रम में शिरकत कर सरकार के कामकाज, फैसलों और उपलब्धियों को गिनाया। साथ ही ₹401 करोड़ से अधिक लागत की 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण किया.

99.40 करोड़ की विकास योजनाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 99.40 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया गया, और मंच से रोजगार, कानून व्यवस्था और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया। मुख्यमंत्री धामी ने नकल विरोधी कानून, युवाओं को मिली नौकरियों और भ्रष्टाचार पर सख्ती जैसे फैसलों का जिक्र किया। CM ने साधुराम इंटर कॉलेज में भिक्षावृत्ति से मुक्त कराए गए बच्चों के लिए बनाए गए केंद्र का लोकार्पण किया। इससे केंद्र के जरिए ऐसे बच्चों को देखभाल और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर फोकस रहेगा।

Dhami Government 4 Years: CM ने गिनाए काम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार ने लैंड जिहाद, अवैध कब्जों और घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की, लेकिन हर बार कांग्रेस को इसमें परेशानी होती है। समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने, मदरसा बोर्ड भंग करने और अवैध मदरसों पर कार्रवाई जैसे फैसलों पर भी विपक्ष आपत्ति जता रहा है, जबकि राज्य सरकार अपने संकल्प के साथ काम कर रही है।
‘उत्तराखंड का दशक’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में खनन माफिया पर्यावरण से खिलवाड़ करते थे और भ्रष्टाचार चरम पर था। उनकी सरकार जब भी जनता के बीच जाती है तो अपने काम का रिपोर्ट कार्ड लेकर जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 साल पहले जनता के आशीर्वाद के साथ पद संभालते ही राज्य को गौरव दिलाने का संकल्प लिया था। प्रधानमंत्री के ‘उत्तराखंड का दशक’ विजन के अनुसार काम किया गया और समग्र विकास पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय खेलों में 107 पदक और ग्लोबल समिट से 3 लाख करोड़ निवेश इसका सीधा उदाहरण हैं।

CM का शायराना अंदाज
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन का समापन शायराना अंदाज में किया। इसके बाद उन्होंने सरकार के 4 साल के कामकाज को दर्शाती विकास पुस्तिका का विमोचन किया, जिसमें योजनाओं और उपलब्धियों को संकलित किया गया है। धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर X पर #DhamiSarkarKe4SaalBemisaal ट्रेंड करता रहा और लंबे समय तक नंबर-1 पर बना रहा। देशभर से लोगों और जनप्रतिनिधियों ने राज्य सरकार के कामों की सराहना करते हुए पोस्ट किए। कई यूजर्स ने रोजगार, कृषि और सुशासन से जुड़े कामों को लेकर प्रतिक्रिया साझा की।
