उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बाद आखिरकार धामी कैबिनेट का विस्तार कर दिया गया है। शुक्रवार को लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
किन नेताओं को मिली कैबिनेट में जगह
- खजान दास (राजपुर विधायक)
- भरत सिंह चौधरी
- मदन कौशिक
- प्रदीप बत्रा
- राम सिंह कैड़ा
इन सभी नेताओं ने क्रमवार शपथ ग्रहण की। इस दौरान भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ लेकर परंपरा और संस्कृति का संदेश दिया, जो चर्चा का विषय रहा।
शुभ मुहूर्त में शपथ ग्रहण
धामी कैबिनेट का यह विस्तार नवरात्र के दूसरे दिन किया गया। सरकार और संगठन के बीच लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बाद इसे शुभ मुहूर्त में पूरा किया गया। इसे राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
क्षेत्रीय और जातीय संतुलन पर जोर
कैबिनेट विस्तार में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। सूत्रों के अनुसार, नए मंत्रियों का चयन उनके पिछले कार्यकाल के प्रदर्शन और संगठन में योगदान के आधार पर किया गया है। इससे सरकार और संगठन के बीच तालमेल को और मजबूत करने की कोशिश की गई है।
खाली पदों को भरने की कोशिश
राज्य मंत्रिमंडल में लंबे समय से पांच पद खाली थे। इस विस्तार के बाद सभी रिक्त पद भर दिए गए हैं। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने और शासन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट विस्तार से पहले राष्ट्रीय नेतृत्व और संगठन के साथ कई दौर की बैठकें हुईं। सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद अंतिम नामों को मंजूरी दी गई और मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया।
