छात्रों को लुभाने के लिए DTC में किराया माफ, मेट्रो में हाफ!

Delhi elections: दिल्ली चुनाव में छात्रों को लुभाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने बड़ा दांव चला है. उन्होंने डीटीसी बसों में किराया माफ करने का वादा किया है. साथ ही दिल्ली मेट्रो में छात्रों के किराए में 50 फीसदी की रियायत देने की केंद्र सरकार से मांग की है.
Delhi elections: आप का स्टूडेंट पर दाव
दिल्ली विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दल हर तबके को साधने की कोशिश कर रही है. ऐसे में नए वोटर खासकर छात्रों को साधने के लिए आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने दो बड़े ऐलान किए हैं. पहला- दोबारा सरकार बनने पर छात्रों को DTC की बसों में मुफ्त यात्रा और दूसरा- मेट्रो में छात्रों को किराए में 50 फीसदी की रियायत देने की केंद्र सरकार से मांग की है.
Delhi elections: DTC में किराया माफ, मेट्रो में हाफ!
इतना ही नहीं अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के संकल्प पत्र पर तंज कसा और भाजपा को पूर्वांचली विरोधी बताया. शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि जैसा कि आप जानते हैं कि आम आदमी पार्टी और हमारी सरकार शिक्षा को सबसे ज्यादा तवज्जो देती है. बहुत से गरीब बच्चों की शिक्षा इसलिए छूट जाती है कि उनके पास आने जाने के लिए पैसा नहीं होता. तो हमारी सरकार बनने के बाद सभी छात्रों को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा मिलेगी. हालांकि, छात्राओं को मुफ्त यात्रा का फायदा अभी भी मिल रहा है.
Delhi elections: केजरीवाल ने BJP के संकल्प पत्र पर कसा तंज
अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र पर तंज कसते हुए कहा कि मुझे पता चला है कि एक ही लाइन का उनका संकल्प पत्र है कि जो जो काम केजरीवाल कर रहा है वो हम भी करेंगे. उनके पास न CM चेहरा है, न कोई एजेंडा. जब सरकार ही नहीं बन रही तो कुछ भी बोल सकते हैं, 2500 क्यों 10 हजार ही बोल दो, अपना विजन तो बड़ा रखो.
