Delhi Dehradun Expressway: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण PM नरेंद्र मोदी अगले महीने कर सकते हैं। पीएम मोदी के संभावित दौरे को देखते हुए देहरादून में शासन स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि उच्च स्तर से PM मोदी के दौरे के अनौपचारिक संकेत मिलने के बाद सरकारी मशीनरी हरकत में आ गई है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे तैयार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के दौरान देहरादून में जनसभा भी कर सकते हैं। बता दें कि 210 km बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेसवे का निर्माण 11,970 करोड़ की लागत से हुआ है। यह एक्सप्रेसवे अब पूरी तरह से तैयार हो चुका है। कुछ माह पहले इस एक्सप्रेसवे पर ट्रायल रन भी हो चुका है, जोकि सफल रहा था। अब देहरादून से इसके लोकार्पण की तैयारी तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी 13 या फिर 22 अप्रैल को उत्तराखंड पहुंच सकते हैं। 13 अप्रैल को वैशाखी जबकि 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का शुभ मुहूर्त तय किया गया है।
दिल्ली का सफर 2.30 घंटे में
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे रफ्तार भरने को पूरी तरह तैयार है। वर्तमान में देहरादून से दिल्ली पहुंचने में करीब 5 से 6 घंटे का समय लगता है। सिक्स लेन एक्सप्रेसवे खुलने के बाद देहरादून से दिल्ली का सफर करीब ढाई घंटे में आसानी से पूरा हो जाएगा। ये एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम की गीता कॉलोनी से शुरू होकर सहारनपुर होते हुए देहरादून तक पहुंचता है।
Delhi Dehradun Expressway: वाइल्डलाइफ कॉरिडोर
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे बहुत खास है। इस एक्सप्रेसवे पर वाइल्डलाइफ कॉरिडोर में करीब 12 किमी लंबा एलिवेटेड सेक्शन और 2 किमी लंबी टनल है। ताकि एक्सप्रेसवे से वन्यजीवों को खतरा न हो। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली, बागपत, सहारनपुर और देहरादून को जोड़ेगा। इससे पश्चिमी UP और उत्तराखंड के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इस एक्सप्रेसवे के खुलने के बाद NH-58 की भीड़ और जाम कम हो जाएगा। साथ ही इससे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की भीड़ का बोझ भी कम होगा।
