प्रदूषण-स्मॉग के कारण 22 ट्रेनें लेट, डीयू-जेएनयू के सभी कॉलेजों में ऑनलाइन स्टडी
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर पर है। मंगलवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों ने एक्यूआई 500 का आंकड़ा पार कर लिया। दिल्ली का औसत एक्यूआई 494 दर्ज किया गया, जो इस सीजन में सबसे अधिक है।
दिल्ली-एनसीआर में कक्षा 10 तक के स्कूल पहले से ही ऑनलाइन थे। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 11वीं-12वीं की कक्षाएं ऑनलाइन चलाने का आदेश दिया गया है। साथ ही डीयू और जेएनयू के कॉलेजों में 4 दिनों तक ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी।

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) का चौथा चरण 18 नवंबर से लागू कर दिया है। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों, सांस और दिल के मरीजों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों को घर पर ही रहने की सलाह दी गई है।
