Delhi crime: देश की राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना शुक्रवार को सामने आई है, जहां एक बेटे ने गुस्से में अपनी ही 60 वर्षीय मां की जान ले ली। पुलिस के अनुसार, बहू और बेटे के बीच हो रहे घरेलू विवाद को सुलझाने गई मां को बेटे ने गुस्से में जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उन्होनें आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
झगड़ा सुलझाने पहुंची मां की हुई मौत
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के सीमापुरी इलाके में रहने वाली हमीदुन निसा (60) अपने परिवार के साथ नई सीमापुरी के ई-44/बी-316 मकान में रहती थीं। परिवार में उनका बेटा शेर अली, बहू संजीदा, शेर अली के तीन बच्चे, तीन बेटियां और एक अन्य बेटा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात घर में शेर अली और उसकी पत्नी संजीदा के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। घर में हो रहे इस झगड़े को शांत कराने के लिए हमीदुन बीच-बचाव करने पहुंचीं।

गुस्से में बेटे ने मां को फर्श पर पटका
झगड़े के दौरान मां के हस्तक्षेप से आरोपी शेर अली भड़क गया। उसने मां को वहां से हटने के लिए कहा, परन्तु जब उन्होंने विवाद शांत कराने की कोशिश जारी रखी तो आरोपी ने उन्हें उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया।
इस घटना में हमीदुन के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। घर में मचे शोर-शराबे के बीच परिजन तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार
अस्पताल प्रशासन से सूचना प्राप्त होने के बाद सीमापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतका की बेटी शबनम के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी शेर अली (27) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ही गुस्से में अपनी मां को जमीन पर पटक दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई।

आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है, और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
