Dehradun hit and run attempt: देहरादून में बीच सड़क पर 8 लोगों को कुचलने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामला सहसपुर थाना क्षेत्र के धर्मावाला चौक की है, जिसका वीडियो भी सामने आया। वीडियो में करीब 43 सेकेंड तक हाईवे पर 2 कारों में सवार 15 से ज्यादा युवक आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
लोगों को कुचलने की कोशिश
इसी दौरान सफेद कार सवार ने पहले गाड़ी के सामने खड़े 2 लोगों को कुचलने की कोशिश की और फिर कार को रिवर्स करते हुए पीछे खड़े युवक को भी टक्कर मार दी। वहीं, काली कार के पास कुछ युवक 1 व्यक्ति को लाठी-डंडों से पीटते हुए नजर आए।
Dehradun hit and run attempt: युवक से मारपीट
बताया जा रहा है कि सभी आरोपी देहरादून के रहने वाले हैं। सहसपुर पुलिस ने बताया कि धर्मावाला चौक पर रात मारपीट और वाहन से कुचलने की कोशिश का मामला सामने आया। कुछ लोगों ने पहले 1 युवक के साथ जमकर मारपीट की और जब उसे बचाने आए लोगों ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, साथ ही उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।
4 आरोपी गिरफ्तार
घटना उस वक्त की है जब रविंद्र नाम का व्यक्ति अपनी गाड़ी से घर जा रहा था। उसने मारपीट देख रुककर कारण पूछा तो आरोपियों ने उसको मारना शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य लोगों के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़ित रविंद्र की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को भी सीज कर दिया है।

आरोपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों में इकराम पुत्र अब्दुल लतीफ (36) निवासी ग्राम धर्मावाला, विशाल गोयल पुत्र राजेश रामस्वरूप गोयल (32) निवासी शाहपुर धर्मावाला, शाहरुख पुत्र लियाकत (26) निवासी प्रतीतपुर और अरशद पुत्र अलाउद्दीन (26) निवासी प्रतीतपुर शामिल हैं। सभी आरोपी सहसपुर के रहने वाले हैं।
